शुकतीर्थ से किसान अधिकार यात्रा का आगाज, हजारों किसानों के साथ सड़कों पर उतरी कांग्रेस
मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस की ओर से किसान अधिकार यात्रा का शुभारंभ मुजफ्फरनगर से किया गया। यात्रा शुरू होने से पहले शुकतीर्थ धाम स्थित शुकदेव आश्रम में पूजा-अर्चना की गई और महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए किसानों के अधिकार, सम्मान और उनकी समस्याओं को उठाने का संकल्प लिया गया। इसके बाद मीरापुर क्षेत्र के गांव इलाहाबास से यात्रा शुरू हुई, जिसका पहला दिन मोरना शुगर मिल पर संपन्न हुआ।
यात्रा में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यात्रा के दौरान प्रचार वाहनों के माध्यम से किसानों से जुड़े मुद्दों और उनकी मांगों को सामने रखा गया। पार्टी की विचारधारा और राहुल गांधी द्वारा किसान हित, सामाजिक न्याय तथा संविधान से जुड़े मुद्दों पर दिए गए बयानों को भी लोगों तक पहुंचाया गया।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- किसानों के मुद्दे गांव-गांव तक ले जाएंगे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अनुसूचित जाति विभाग राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि महात्मा गांधी का ग्राम स्वराज और लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा और अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य हासिल करने सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार किसानों को लाभकारी मूल्य, गन्ने का समयबद्ध भुगतान, कृषि लागत में राहत और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है।
गौतम ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीण समाज से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
अजय राय बोले- गन्ना भुगतान और खाद किसानों के प्रमुख मुद्दे
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रदेश के किसानों के सामने गन्ने के भुगतान, खाद की उपलब्धता, बिजली की दरों और फसलों के उचित मूल्य से जुड़े सवाल हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लगातार उठाया जाता रहा है और आगे भी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
अजय राय ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने और उनके अधिकारों की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया।
पश्चिमी यूपी में किसानों के मुद्दों पर संवाद
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेती की बढ़ती लागत, गन्ना भुगतान में देरी और फसलों का उचित मूल्य किसानों के प्रमुख सवाल हैं। उन्होंने कहा कि किसान की आर्थिक स्थिति का असर ग्रामीण बाजार और स्थानीय रोजगार पर भी पड़ता है।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने खाद, बीज, डीजल, बिजली और कृषि उपकरणों की कीमतों को किसानों की बढ़ती लागत से जोड़ते हुए एमएसपी की कानूनी गारंटी, समय पर गन्ना भुगतान, गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री और फसल नुकसान के उचित मुआवजे जैसे मुद्दे उठाए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के किसान गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं, खाद की उपलब्धता, सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
इन मुद्दों को लेकर निकली किसान अधिकार यात्रा
यात्रा के दौरान कांग्रेस की ओर से किसानों से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। इनमें एमएसपी की कानूनी गारंटी, गन्ना बकाये का समयबद्ध भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि बिजली की दरों में राहत, डीजल की कीमत, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा, फसल बीमा, कृषि ऋण, सिंचाई, ग्रामीण स्वास्थ्य एवं शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दे शामिल रहे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोहित जाखड़ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि और किसान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके मुताबिक गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं से फसलों को नुकसान, कृषि लागत और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े सवालों का समाधान जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा के जरिए किसानों के आर्थिक और सामाजिक न्याय से जुड़े सवालों को उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
2 से 7 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा
उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पश्चिमी क्षेत्र की प्रथम चरण की किसान अधिकार यात्रा 2 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर से शुरू होकर 3 अक्टूबर को शामली, 4 अक्टूबर को बागपत, 5 अक्टूबर को मेरठ, 6 अक्टूबर को गाजियाबाद और 7 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर के जेवर में संपन्न होने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा के दौरान किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने इस अभियान को महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज और लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के विचारों से जोड़ते हुए किसानों के अधिकार और सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही।
किसान अधिकार यात्रा के दौरान एमएसपी, गन्ना भुगतान, खाद, बिजली, कृषि लागत, सिंचाई, फसल सुरक्षा और ग्रामीण रोजगार जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
