बुलंदशहर: शराब पीने को लेकर पिता-पुत्र में विवाद, सोते समय बेटे के सिर पर डंडा मारने से मौत
Bulandsehar News
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शराब पीने की आदत को लेकर हुए विवाद में एक पिता पर अपने ही बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। नरसेना थाना क्षेत्र के खंदोई गांव में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुमित पुत्र चंद्रवीर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुमित शराब पीने का आदी था। उसकी इस आदत को लेकर पिता चंद्रवीर परेशान रहता था। रविवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद जब सुमित घर में सो रहा था, तभी उसके पिता ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सुमित की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नरसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीओ स्याना रामकरन सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी पिता चंद्रवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
खेती करते हैं पिता-पुत्र
बताया जा रहा है कि सुमित और उसके पिता चंद्रवीर गांव में खेती करते थे। मृतक का छोटा भाई सीआरपीएफ में तैनात बताया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
