बागपत में रिटायर्ड प्रिंसिपल पुष्पेंद्र की हत्या से सनसनी, गन्ने के खेत में मिला शव; 25 CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
बागपत, उत्तर प्रदेश। बागपत में रिटायर्ड प्रिंसिपल पुष्पेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह इदरीशपुर गांव में गन्ने के खेत में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गन्ने के खेत में मिला शव, पास में मिली बाइक
जानकारी के मुताबिक, 41 वर्षीय पुष्पेंद्र का शव इदरीशपुर गांव में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिला उपाध्यक्ष के खेत में पड़ा मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी खड़ी मिली। शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूर्णेंदु सिंह और एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
25 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुष्पेंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर देर रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह के मुताबिक, अब तक 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा चुकी है। इसके अलावा मृतक की कॉल डिटेल और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुष्पेंद्र की मौत कैसे हुई और उन्हें गन्ने के खेत तक कौन लेकर पहुंचा? पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले में अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
इस मामले में बागपत पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि इदरीशपुर गांव के जंगल में पुष्पेंद्र का शव मिलने की सूचना पर दोघट थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई पूरी कर ली है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर उनका परीक्षण किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना दोघट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
