November 27, 2026 · मनोरंजन

उर्दू ज़बान की तरक़्क़ी के नाम सजी अदबी महफ़िल, शायरों ने पेश किए शानदार कलाम

तुलसीपुर में 'एक शाम ज़ुबान-ए-उर्दू के नाम' मुशायरे का आयोजन

‘एक शाम ज़ुबान-ए-उर्दू के नाम’ मुशायरे में नई नस्ल को उर्दू भाषा और साहित्य से जोड़ने पर दिया जोर, देर रात तक गूंजे शेरो-शायरी के अशआर

तुलसीपुर (बलरामपुर)। अदबी संगम तुलसीपुर एवं सबकी आवाज़ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मशहूर शायर शाहरुख़ साहिल तुलसीपुरी के निवास स्थान पर ‘एक शाम ज़ुबान-ए-उर्दू के नाम’ शीर्षक से भव्य अदबी महफ़िल एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। महफ़िल में क्षेत्र के नामचीन शायरों, साहित्यकारों और उर्दू अदब से मोहब्बत रखने वाले लोगों ने शिरकत की। शायरों ने अपने बेहतरीन कलाम से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मशहूर साहित्यकार डॉ. मोहम्मद ग़ालिब (अम्बर यज़दानी) ने की, जबकि मंच संचालन तनवीर साक़िब ने किया। क़ारी मोहम्मद अहमद ने नात-ए-पाक पेश कर महफ़िल का आगाज़ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अदनान फ़िरोज़, चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत तुलसीपुर तथा अज़मतउल्लाह भाई राजू, AIMIM नगर अध्यक्ष तुलसीपुर मौजूद रहे। अतिथियों ने शायरों की रचनाओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मोहम्मद ग़ालिब (अम्बर यज़दानी) ने उर्दू भाषा की अहमियत और नई पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उर्दू महज एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी तहज़ीब, सांस्कृतिक विरासत और शानदार अदबी इतिहास की पहचान है। आज जरूरत है कि नई पीढ़ी को उर्दू पढ़ने, लिखने और बोलने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को अपनी भाषा और साहित्यिक विरासत से जुड़कर रहना चाहिए। उर्दू को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की शुरुआत घरों से ही करनी होगी।

उन्होंने कहा कि अदबी महफ़िलें केवल शेरो-शायरी का माध्यम नहीं हैं, बल्कि भाषा, तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण जरिया हैं।

मुशायरे में अम्बर यज़दानी ने वतनपरस्ती का जज्बा पेश करते हुए कहा—

है डगर पनघट की मुश्किल, है पता हमको मगर,
हम वतन तेरे लिए जाँ से गुज़र ही जायेंगे।

डॉ. ओम प्रकाश मिश्र ने सामाजिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखी—

गर जागे नहीं सोते रहे, सोते रहेंगे,
दुश्वारियों का बोझ सदा ढोते रहेंगे।

अताउल्लाह खान सादिक ने मौजूदा दौर की संवेदनहीनता पर कटाक्ष करते हुए कहा—

जख्मी तड़प रहा है सड़क पर पड़ा हुआ,
और लोग हैं कि रील बनाने में लगे हैं।

ओवैस मोनिस ने दोस्ती के बदलते रिश्तों पर शेर पढ़ा—

दोस्तों से डर गया हूं मैं ये मंजर देखकर,
दोस्ती की पीठ में पैवस्त खंजर देखकर।

वहीं शाहरुख़ साहिल ने अपने अंदाज में कहा—

मेरा दावा है साहिल, हारना उसका मुक़द्दर है,
किसी भी टीम का कमज़र्फ़ गर कप्तान हो जाये।

इसके अलावा सिराज आलम ज़ख़्मी, विनोद कलहंस, तनवीर साक़िब, कन्हैया लाल मधुर, तौसीफ़ बलरामपुरी, डियाज़ अकरम और मुर्शिद अंसारी ने भी अपने कलाम पेश कर खूब वाहवाही बटोरी।

सिराज आलम ज़ख़्मी ने कहा—

ज़माने भर को सुनाते रहना उसी के क़िस्से,
ज़माने भर से ये कहते रहना उसे न कहना।

तौसीफ़ बलरामपुरी ने मोहब्बत और नफरत के बीच की सोच को अपने शेर में बयां किया—

मेरी कोशिश है मोहब्बत के शजर फूलें-फलें,
उसको ज़िद है कि गुलिस्ताँ जला दी जाय।

इसके अतिरिक्त प्रशांत मिश्रा, धर्मराज ओझा और इमरान बलरामपुरी ने भी अपनी रचनाओं से महफ़िल में अदबी रंग जमाया। हर शेर पर श्रोताओं ने तालियों और वाहवाही के साथ शायरों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में फ़राज़ तालिब, इबरार ख़ान, जावेद, आरिफ़, हरभजन, नदीम, मारूफ़ और अरशद सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं शायरी के शौकीन मौजूद रहे।

अंत में मुशायरे के संयोजक शाहरुख़ साहिल ने सभी अतिथियों, शायरों, साहित्यकारों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। उर्दू भाषा की तरक्की, साहित्यिक विरासत के संरक्षण और आपसी भाईचारे का संदेश देती यह अदबी महफ़िल यादगार बन गई।