नहटौर विधानसभा चुनाव में 258 वोटों से मिली थी जीत, नामांकन हलफनामे में आय के स्रोतों की जानकारी छिपाने का मामला; सुप्रीम कोर्ट में अपील के लिए मिला 15 दिन का समय
बिजनौर। उत्तर प्रदेश की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को रद्द कर दिया है। अदालत ने माना कि नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में आय के स्रोतों से संबंधित गंभीर त्रुटियां थीं। कोर्ट के इस फैसले से प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने 77,935 वोट हासिल कर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी मुंशी राम को महज 258 वोटों के अंतर से हराया था। मुंशी राम को चुनाव में 77,677 वोट मिले थे। बेहद करीबी मुकाबले में हार के बाद मुंशी राम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की थी।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने नामांकन के समय चुनाव आयोग को दिए गए फॉर्म-26 के हलफनामे में अपनी आय के स्रोतों की पूरी जानकारी नहीं दी थी। याचिकाकर्ता ने इसे चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता बताते हुए उनके निर्वाचन को चुनौती दी थी।
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने हलफनामे में गंभीर खामियां पाईं। अदालत के अनुसार, इन त्रुटियों के बावजूद रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा ओम कुमार का नामांकन स्वीकार किया जाना अनुचित था और इसका चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ा।
हालांकि, अदालत ने वोटों की गिनती और वीवीपैट पर्चियों में गड़बड़ी से जुड़े आरोपों को खारिज कर दिया। साथ ही याचिकाकर्ता मुंशी राम को सीधे विजयी घोषित करने की मांग भी स्वीकार नहीं की।
कोर्ट ने भाजपा विधायक ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। इस अवधि के दौरान वह विधानसभा की कार्यवाही और बहस में हिस्सा ले सकेंगे, लेकिन सदन या किसी समिति में मतदान नहीं कर पाएंगे। उन्हें विधायक के रूप में मिलने वाले आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेंगे।
हाईकोर्ट के इस फैसले को नहटौर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ओम कुमार सुप्रीम कोर्ट में अपील करते हैं या नहीं और इस मामले में आगे क्या कानूनी स्थिति बनती है।
