October 29, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

मेरठ जेल में अहोई अष्टमी मनाएंगी मुस्कान और रविता, दोनों को पति की हत्या में मिली है फांसी की सजा

मेरठ जेल में अहोई अष्टमी मनाएंगी मुस्कान और रविता

मेरठ: सौरभ राजपूत हत्याकांड में मृत्युदंड की सजा पाने वाली मुस्कान रस्तोगी और बहसूमा के अकबरपुर सादात निवासी अमित हत्याकांड की दोषी रविता इस बार जेल में अहोई अष्टमी का त्योहार मनाएंगी। दोनों महिलाओं ने अपने बच्चों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए व्रत रखने की तैयारी की है। इसके लिए उन्होंने जेल प्रशासन से पूजन सामग्री भी ली है।

जेल में 65 महिलाओं ने लिया पूजन का सामान

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान और रविता समेत जेल में बंद कुल 65 महिलाओं ने अहोई अष्टमी के व्रत के लिए पूजन सामग्री ली है। जेल प्रशासन की ओर से सभी संबंधित महिलाओं को पूजा का सामान उपलब्ध करा दिया गया है। मुस्कान अपनी बेटियों की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए व्रत रखेगी।

सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान को फांसी की सजा

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला अदालत ने 14 अक्टूबर को मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। आरोप था कि दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या की और उसके शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में रख दिए। शव से दुर्गंध रोकने के लिए ड्रम में सीमेंट डालने की बात भी सामने आई थी।

मृत्युदंड के फैसले के खिलाफ मुस्कान और साहिल ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है। उनकी अपील स्वीकार कर ली गई है। मामले में 30 नवंबर को बहस प्रस्तावित बताई गई है।

अमित हत्याकांड में रविता को भी मृत्युदंड

वहीं, बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात निवासी अमित की हत्या के मामले में दोषी रविता को भी 16 अक्टूबर को अदालत ने मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। मामले में आरोप था कि रविता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और सांप से डसवाकर उसकी जान ले ली।

दोनों मामलों में मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद अब मुस्कान और रविता जेल में अहोई अष्टमी का व्रत रखने की तैयारी कर रही हैं। यह त्योहार माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाती हैं।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.