October 31, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

बहसूमा में बिजली विभाग के खिलाफ भाकियू का धरना, 10 हजार बकाया पर कनेक्शन काटने का विरोध

बहसूमा में बिजली विभाग के खिलाफ भाकियू का धरना

गौरव देशवाल के नेतृत्व में किसानों ने उठाई मांग, रात में ट्यूबवेलों को बिजली देने की मांग

बहसूमा। मौड़ खुर्द बिजलीघर पर बृहस्पतिवार को युवा नेता गौरव देशवाल के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं और किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना दिया। किसानों ने बिजली विभाग की ओर से 10 हजार रुपये बकाया होने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई का विरोध किया। साथ ही कृषि कार्यों के लिए रात में बिजली आपूर्ति सुचारू करने की मांग उठाई।

धरने पर मौजूद किसानों ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा 10 हजार रुपये बकाया होने पर भी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे किसानों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए और बकाया राशि आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

रात में बिजली नहीं मिलने से ट्यूबवेलों पर चोरी का खतरा

किसानों ने खेतों में लगे ट्यूबवेल, मोटर और ट्रांसफार्मर से सामान चोरी होने की आशंका भी जताई। उनका कहना था कि रात के समय कृषि फीडर की बिजली बंद रहने से खेत सुनसान हो जाते हैं। इसका फायदा उठाकर चोर ट्यूबवेलों से तांबे के तार और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर लेते हैं।

किसानों ने कृषि कार्यों के लिए रात में बिजली आपूर्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पूरी रात बिजली देना संभव नहीं है तो कम से कम एक फेस की बिजली पूरी रात चालू रखी जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सके।

धरने में हर्ष चौधरी, तहसील अध्यक्ष बबलू तालियान, नरेश चौधरी मारकपुर, वीरेंद्र सिंह बहसूमा, उपेंद्र धूम सिंह, आनंदपाल देशवाल, बहादुर सदरपुर और जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.