September 30, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

हस्तिनापुर के बस्तोरा नारंग में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, वजह स्पष्ट नहीं, कुछ साल पहले पत्नी ने भी की थी आत्महत्या

हस्तिनापुर के बस्तोरा नारंग में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, वजह स्पष्ट नहीं

मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के बस्तोरा नारंग गांव में बुधवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान देवेंद्र के बेटे दुष्यंत के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह दुष्यंत के घर कुछ मेहमान आए हुए थे। उन्हें खाना खिलाने के बाद दुष्यंत पशुओं को बांधने के लिए घर के पास स्थित घेर में चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन घेर में पहुंचे तो दुष्यंत फांसी पर लटका मिला।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की।

पहली पत्नी की भी हो चुकी है मौत

परिजनों के अनुसार, कुछ साल पहले दुष्यंत की पहली पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद दुष्यंत का विवाह उसकी पहली पत्नी की छोटी बहन से हुआ था। दुष्यंत के दो बच्चे भी हैं।

परिजनों ने घर में किसी तरह के विवाद से इनकार किया है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.