कलवा कुरैशी बने रालोद श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी – Meerut News
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने संगठन के विस्तार के तहत मेरठ निवासी कलवा कुरैशी को राष्ट्रीय लोकदल श्रम प्रकोष्ठ का उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पार्टी की ओर से बताया गया कि यह नियुक्ति राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देशानुसार, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजा ऐश्वर्य राज सिंह के अनुमोदन तथा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर की संस्तुति और अनुमोदन के बाद की गई है।
मजदूरों और कामगारों के हित में काम करने का संकल्प
प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद कलवा कुरैशी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और लगन के साथ निभाएंगे।
कलवा कुरैशी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह ने हमेशा किसान, मजदूर और दबे-कुचले वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और कामगारों के अधिकारों की रक्षा, उनके कल्याण और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की बात कहते हुए कहा कि रालोद की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह लगातार काम करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
कलवा कुरैशी के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर क्षेत्र के रालोद कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी गई।
कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि कलवा कुरैशी की नई जिम्मेदारी से रालोद श्रम प्रकोष्ठ को उत्तर प्रदेश में मजबूती मिलेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी।

