डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज मेरठ दौरे पर, संत रविदास जयंती महासभा में होंगे शामिल

Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya

चार घंटे मेरठ में रहेंगे उपमुख्यमंत्री, भाजपा पदाधिकारियों से करेंगे संवाद; अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की भी करेंगे समीक्षा

मेरठ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को मेरठ के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उनका मेरठ प्रवास करीब चार घंटे का होगा। इस दौरान वे संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा महासभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ ही जिले के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से राजकीय वायुयान द्वारा मेरठ के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:10 बजे उनके मेरठ हवाई पट्टी पर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से वे सीधे दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान पहुंचेंगे।

रामलीला मैदान में सुबह 11:40 बजे संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा महासभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में उनका करीब 40 मिनट तक संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद दोपहर 12:20 बजे वे कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे।

सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

महासभा के बाद उपमुख्यमंत्री दोपहर एक बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल समेत पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों और पार्टी की आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें विकास कार्यों की प्रगति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।

मंत्री सोमेन्द्र तोमर के आवास पर भी जाएंगे

सर्किट हाउस में बैठकें संपन्न करने के बाद केशव प्रसाद मौर्य दोपहर 2:15 बजे शास्त्रीनगर स्थित ए-23 आवास पर पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर से मुलाकात करेंगे। करीब 15 मिनट रुकने के बाद दोपहर 2:30 बजे मेरठ हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री दोपहर 3:05 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

उपमुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।