फिरोजाबाद में भीषण सड़क हादसा: टेसू-झांझी की पूजा कर रहे श्रद्धालुओं को कार ने रौंदा, 5 की मौत
road accident
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शरद पूर्णिमा के अवसर पर टेसू-झांझी की पूजा कर रहे श्रद्धालुओं को एक बेकाबू कार ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 3 महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पूजा के बाद विसर्जन की तैयारी कर रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, शरद पूर्णिमा के दिन टेसू-झांझी के विवाह की परंपरा निभाई जाती है। विवाह संपन्न होने के बाद मिट्टी से बनी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु सड़क किनारे बैठकर पूजा और विसर्जन की तैयारी कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बेकाबू कार ने वहां बैठे लोगों को कुचल दिया।
दोबारा कार लेकर लौटा चालक, ग्रामीणों को भी कुचला
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार सवार मौके से आगे निकल गया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा वापस आया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर लगाकर कार को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान चालक ने फिर से ग्रामीणों के ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। हादसे के कारणों और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
