मेरठ में भारत स्काउट एवं गाइड की वार्षिक परिषद बैठक संपन्न, 2026-27 का बजट हुआ अनुमोदित
मेरठ। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड, मेरठ की वार्षिक परिषद बैठक नुपुर गोयल, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) एवं जिला संस्था मेरठ की उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक जिलाधिकारी/अध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई।
बैठक में संस्था से जुड़े करीब 25 सदस्य शामिल हुए। इस दौरान उपाध्यक्ष डॉ. कर्मेन्द्र सिंह, समाजसेवी दीपक शर्मा, संस्था मुख्य आयुक्त रेखा शर्मा, जिला आयुक्त सुशील शर्मा, श्रीमती बृजेश, अजय नंदन शर्मा और रेहाना सुल्तान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला सचिव डॉ. गौरव पाठक ने किया।
वित्तीय प्रस्तावों पर हुई चर्चा
वार्षिक बैठक में जिला संस्था की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान वित्तीय समिति की बैठकों और अर्धवार्षिक कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों को अनुमोदन के लिए सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक में वित्तीय सत्र 2026-27 के अनुमानित बजट पर भी चर्चा की गई। सदन ने प्रस्तावित बजट को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया।
आवश्यक निर्देशों के साथ बैठक संपन्न
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं CDO एवं जिला संस्था की उपाध्यक्ष नुपुर गोयल ने संस्था के कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद वार्षिक परिषद बैठक का समापन किया गया। बैठक में संस्था की वित्तीय व्यवस्था और आगामी सत्र की कार्ययोजना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
