बहसूमा में धर्मकांटे की दीवार में कुंबल कर चोरी, 70-80 हजार का सामान ले गए चोर
बहसूमा में धर्मकांटे की दीवार में कुंबल कर चोरी
बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा कस्बे में चोरों ने एक धर्मकांटे को निशाना बनाते हुए करीब 70 से 80 हजार रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। चोर धर्मकांटे के कमरे की दीवार में कुंबल कर अंदर दाखिल हुए और इन्वर्टर, तीन बैटरियां, कांटा मशीन समेत नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहसूमा निवासी सोहनलाल शाम को धर्मकांटे के कमरे में ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह फखरुद्दीन धर्मकांटे पर पहुंचा तो कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर दीवार में कुंबल लगा होने की जानकारी सामने आई।
कमरे की तलाशी लेने पर इन्वर्टर, तीन बैटरियां, कांटा मशीन और नकदी गायब मिली। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 से 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सोहनलाल ने थाने में चोरी की घटना को लेकर तहरीर दी है।
चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
थाना प्रभारी रविंद्र पवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
