October 19, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

बहसूमा में हनुमान ने लगाई लंका में आग, धू-धू कर जली स्वर्णनगरी

बहसूमा में हनुमान ने लगाई लंका में आग, धू-धू कर जली स्वर्णनगरी

लंका दहन की लीला देख भावविभोर हुए दर्शक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान

बहसूमा (मेरठ)। कस्बा बहसूमा में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में शनिवार देर रात लंका दहन की लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान हनुमान द्वारा लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

रामलीला मंचन के दौरान दिखाया गया कि भगवान श्रीराम की आज्ञा पाकर हनुमान माता सीता की खोज में समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं। रास्ते में लंकिनी उन्हें रोकने का प्रयास करती है, लेकिन हनुमान उसे परास्त कर आगे बढ़ जाते हैं। इसके बाद वह अशोक वाटिका पहुंचकर वहां उत्पात मचाते हैं और वाटिका को उजाड़ देते हैं।

अशोक वाटिका में हनुमान के उत्पात की सूचना मिलने पर रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को उनसे मुकाबला करने के लिए भेजता है। युद्ध के दौरान हनुमान अक्षय कुमार का वध कर देते हैं। इसके बाद मेघनाद उनसे युद्ध करता है और उन्हें बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाता है।

रावण के दरबार में हनुमान की पूंछ में आग लगाने का आदेश दिया जाता है। इसके बाद हनुमान अपने पराक्रम का परिचय देते हुए लंका में आग लगा देते हैं। देखते ही देखते सोने की लंका आग की लपटों से घिर जाती है। इस दृश्य को देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय हो गया।

लीला के अगले प्रसंग में हनुमान माता सीता से मिलते हैं और उन्हें भगवान श्रीराम का संदेश सुनाते हुए भरोसा दिलाते हैं कि प्रभु श्रीराम जल्द ही वानर सेना के साथ लंका पहुंचकर उन्हें रावण के बंधन से मुक्त कराएंगे।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर श्री आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बिंदर चाहल, शुभम लांबा, दिले सिंह प्रजापति, राहुल सूर्यवंशी, शिवम माहेश्वरी, दीपक गर्ग, अमित गोयल सहित कमेटी के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.