September 29, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

मवाना खुर्द की नई कोर्ट का हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज ने किया निरीक्षण, दशहरा से पहले उद्घाटन के संकेत

मवाना खुर्द की नई कोर्ट का हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज ने किया निरीक्षण

मवाना खुर्द की नई कोर्ट का हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज ने किया निरीक्षण

मवाना । ग्राम मवाना खुर्द में स्थित बाह्य न्यायालय की नई कोर्ट का शनिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज अजीत कुमार ने दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नए कोर्ट परिसर और कोर्ट रूम का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला जज अनुपम कुमार के साथ मेरठ से आए कई सीजेएम, एसीजेएम और एडीजे भी मौजूद रहे। प्रशासनिक जज ने जिला जज को निर्देश दिए कि मवाना क्षेत्र से जुड़े न्यायिक मामलों के लिए नई कोर्ट में जल्द से जल्द कामकाज शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

एसी के पाइप अंडरग्राउंड न होने पर जताई नाराजगी

कोर्ट रूम के निरीक्षण के दौरान एसी के पाइप अंडरग्राउंड नहीं किए जाने पर प्रशासनिक जज अजीत कुमार ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद मैनेजर को व्यवस्था में सुधार के निर्देश देते हुए तय समय सीमा के भीतर काम पूरा कराने को कहा।

निरीक्षण के बाद सभी न्यायिक अधिकारी मवाना तहसील परिसर स्थित सभागार पहुंचे। यहां मवाना बार एसोसिएशन और मवाना सिविल बार एसोसिएशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया।

वकीलों ने रखीं चैंबर समेत कई मांगें

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासनिक जज के सामने नई कोर्ट से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं। इनमें नई कोर्ट में अधिवक्ताओं को चैंबर उपलब्ध कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित मांगें शामिल रहीं।

प्रशासनिक जज अजीत कुमार ने अधिवक्ताओं को बताया कि दशहरा से पहले सभी न्यायिक कार्य पूरे किए जाने के बाद नई कोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। इससे मवाना क्षेत्र में न्यायिक व्यवस्था को लेकर लंबे समय से चल रही तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.