मेरठ: विनायक विद्यापीठ में Bizvista 2K26 का आयोजन, BA विभाग की टीम ने मारी बाजी
मोदीपुरम में विद्यार्थियों ने पेश किए बिजनेस आइडिया, BBA को दूसरा और B.Sc टीम को मिला तीसरा स्थान
मेरठ। मोदीपुरम स्थित विनायक विद्यापीठ में मैनेजमेंट विभाग की ओर से ‘Bizvista 2K26’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, व्यावसायिक सोच और उद्यमशीलता की क्षमता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए और उनके भविष्य में विस्तार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने-अपने व्यावसायिक विचारों को निर्णायक मंडल के सामने प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में बिजनेस की संभावनाओं, वित्तीय दृष्टिकोण और भविष्य में विस्तार की योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया।
BA विभाग की टीम ने हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और व्यावसायिक समझ का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर BA विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। BBA विभाग की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि B.Sc (ZBC/PCM) की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के बिजनेस आइडिया, वित्तीय योजनाओं और प्रस्तुतीकरण की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इनकी रही कार्यक्रम में प्रमुख भूमिका
कार्यक्रम में संस्थान की प्रिंसिपल डॉ. अनुप्रिता शर्मा, डायरेक्टर इंजीनियर विकास कुमार, डीन श्रीमती एकता सिंधु और हेड ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रवीन शर्मा निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन मैनेजमेंट विभाग के विभागाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सुश्री अनु तोमर, सुश्री प्रिया सोआम, डॉ. बबीता राणा और श्री आदित्य कुमार ने विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के साथ आयोजन का गरिमामय समापन हुआ। Bizvista 2K26 के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक विचारों को सामने रखने, नई संभावनाओं को समझने और भविष्य में उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
