बुलंदशहर: गंगा एक्सप्रेसवे पर बीजेपी विधायक की फॉर्च्यूनर का टायर फटा, AIIMS रेफर
बुलंदशहर। डिबाई से भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर कार का गंगा एक्सप्रेसवे पर एक्सीडेंट हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे पोल से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी को चोटें आईं। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।
विधायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने स्वास्थ्य की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रभु की कृपा और लोगों की दुआओं से उनका स्वास्थ्य ठीक है और डॉक्टरों की सलाह पर वह आराम कर रहे हैं।
हादसे की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों और परिचितों ने विधायक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
