मेरठ में नवविवाहिता की मौत से सनसनी, जहर देकर हत्या का आरोप; पति समेत 5 पर केस
मेरठ में नवविवाहिता की मौत
मेरठ के कसेरू बक्सर में नवविवाहिता काजल की मौत के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर चावल में जहर मिलाकर खिलाने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत परिवार के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। काजल की शादी इसी साल 22 फरवरी को कसेरू बक्सर निवासी अक्षय कुमार से हुई थी। बताया गया है कि अक्षय नगर निगम में निजी नौकरी करता है।
शादी के बाद कार की मांग का आरोप
परिजनों के मुताबिक, शादी में उन्होंने बाइक समेत कई सामान दहेज में दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार कार की मांग की जा रही थी। मायके वालों का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर काजल के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
आरोप है कि शुक्रवार शाम काजल को चावल में सल्फास जैसा जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
बताया गया कि शाम करीब साढ़े सात बजे अक्षय ने फोन कर काजल की तबीयत बिगड़ने की सूचना उसके मायके वालों को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार, उपचार के दौरान जब काजल को होश आया तो उसने कथित तौर पर बताया कि उसे चावल में जहर मिलाकर दिया गया है। इसके बाद देर रात करीब साढ़े 12 बजे काजल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष में आक्रोश फैल गया। मृतका के पिता अनीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पति अक्षय कुमार, सास राजकुमारी देवी, ससुर राजकुमार, देवर सागर कुमार और ननद मीनू कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले में पति अक्षय कुमार समेत उसकी मां, बहन और देवर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
सीओ सदर देहात सुधीर कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए दहेज हत्या के आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
