October 20, 2026

KahoApp

खबरों का Digital अड्डा

डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सव की धूम, डांडिया और नृत्य नाटिका ने मोहा मन | Bahsuma News

रामराज की डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सव

रामराज की डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सवरामराज की डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सव

‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका के जरिए विद्यार्थियों ने दिया महिला सशक्तीकरण का संदेश, इको-फ्रेंडली मुकुट बनाकर दिखाई रचनात्मकता

रामराज (मेरठ)। डी मोनफोर अकादमी में सोमवार को नवरात्रि के पावन पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्नों की डांडिया पार्टी रही। बच्चों ने संगीत की धुनों पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ‘शक्तिरूप’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रत्येक सदन के आठ-आठ प्रतिभागियों ने पांच मिनट की प्रस्तुति के माध्यम से नारी शक्ति, साहस और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।

कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने नवदुर्गा मुकुट निर्माण प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने कागज, ग्लिटर और ताजे फूलों सहित विभिन्न सामग्रियों से आकर्षक मुकुट तैयार किए। इको-फ्रेंडली सामग्री के इस्तेमाल से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का परिचय भी दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका ने साहस और महिला सशक्तीकरण का प्रभावशाली संदेश दिया। निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। निर्देशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि नवरात्रि ऊर्जा, सकारात्मकता और अच्छाई की स्थापना का पर्व है। उप प्रधानाचार्य श्रीमती ऋतु चिकारा ने भी सभी सदनों के विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय के अनुरूप प्रस्तुति, समयबद्धता और प्रदर्शन के आधार पर किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.