गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया महापुरुषों के आदर्श अपनाने का संकल्प, विद्यार्थियों ने लिया आदर्श अपनाने का संकल्प
उत्तम पब्लिक स्कूल रहावती में गांधी-शास्त्री जयंती कार्यक्रम के दौरान मौजूद शिक्षक और विद्यार्थी।
मवाना। उत्तम पब्लिक स्कूल रहावती में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गांधीजी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में श्रीमती नौशाबा परवीन ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी का महत्व समझाते हुए बताया कि गांधीजी ने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई।
श्रीमती रुचि वर्मा ने गांधीजी के विचारों को वर्तमान जीवन से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचार केवल किताबों तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार में दिखाई देने चाहिए।
प्रधानाचार्या ममता चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों को अपने आचरण का हिस्सा बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, अनुशासन और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
प्रबंधक सी.एस. चौधरी ने विद्यार्थियों को सत्य, शांति, सद्भाव और अहिंसा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सकारात्मक सोच मजबूत होगी, तभी एक स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा को भी याद किया गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए कहा गया।
इस अवसर पर हिमांशु सिंघल, सचिन चौधरी, सीमा चौधरी, सोनिया सिरोही, निशी सैनी, प्रियांशी, निधि भड़ाना, लवली, सुनीता पोसवाल, ज्योति रस्तोगी, अंजू तोमर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
